फिर से मौसम को कुछ और अच्छा बनाया जाय
आओ मोहब्बत का नया सिलसिला बनाया जाय
जिससे मिलने को हर घड़ी ही बेताब रहे ये दिल
किसी आवारा बादल से चलो रिश्ता बनाया जाय
ना तुझको हासिल है कुछ, ना मुझको हासिल है
तो नफरतों को क्यों अपना हिस्सा बनाया जाय
क्यों हो बेकार में ही बहर-ओ-अदब की तिजारत
सब के पल्ले पड़े यूँ अशआर हल्का बनाया जाय
बात सियासी करते हैं पर सियासत नहीं करते
अब बेवजह ना हम जैसों को नेता बनाया जाय
आँधियों से भी लड़ने लगे हैं आजकल चराग ये
ऐसी हकीकत पे चलो कुछ किस्सा बनाया जाय
कह दीजिये आप अपनी आरज़ू ''राज'' लफ़्ज़ों में
ग़ज़ल को इस तरह कुछ और मीठा बनाया जाय
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Plz give your response....